होडल में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 380 किलो गांजा बरामद, तीन महिलाओं सहित कुल छह गिरफ्तार

होडल में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 380 किलो गांजा बरामद, तीन महिलाओं सहित कुल छह गिरफ्तार

Share this post:

होडल, 1 नवंबर (हि.ला.)। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की करनाल यूनिट ने पलवल जिले के थाना होडल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आईशर कैंटर से 380 किलो 402 ग्राम गांजा पकड़ने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। बरामद की गई मात्रा एनडीपीएस अधिनियम के तहत व्यावसायिक श्रेणी की है।

ब्यूरो प्रमुख एंव पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के दिशा-निर्देशन, पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा के प्रभावी नेतृत्व तथा उप पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई निरीक्षक ऋषिपाल सिंह की टीम द्वारा अंजाम दी गई। नशीले पदार्थों की रोकथाम हेतु गश्त के दौरान सह उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार के नेतृत्व वाली टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक गिरोह आईशर कैंटर में उड़ीसा से काफी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर हरियाणा आ रहे हैं, जो कि फिलहाल होडल थाना एरिया मे एक पेट्रोल पम्प के नजदीक कैंटर खड़ा किए हुए हैं और उनके कुछ साथी पुलिस की रेकी करने के लिए आगे गए हुए हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्यूरो की टीम मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची और पेट्रोल पम्प के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर पेड़ों की आड़ में खड़े कैंटर को कब्जे में लेकर सभी छह आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की उपस्थिति में तलाशी के दौरान 380 किलो 402 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रेम महतो, निवासी प्रेम नगर, हांसी, जिला हिसार (हरियाणा) है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वह वर्तमान में जमानत पर है। अन्य आरोपियों में उत्तम, निवासी वार्ड नंबर 1, हांसी, जिला हिसार, सुमन, निवासी गांव कुम्बा, जिला हिसार (वर्तमान में एम्प्लॉइज कॉलोनी, हांसी), सुंदरा, निवासी मनाना रोड, समालखा, जिला पानीपत, माया, निवासी गांव कुम्बा, जिला हिसार और राम किशन, निवासी गांव बिशनपुरा, थाना सदर, जिला जींद हैं।

इस संबंध में थाना होडल, जिला पलवल में आज एफआईआर संख्या 373, धारा 20(B)(ii)©, 25, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल कर पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर उनके पूरे नेटवर्क की जांच करेगी ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लाई चैन और फाइनेंशियल लिंक का भी खुलासा किया जा सके।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News