सद्भाव यात्रा में सरकार पर सीधा हमला; नफरत की राजनीति से जनता त्रस्त

सद्भाव यात्रा में सरकार पर सीधा हमला; नफरत की राजनीति से जनता त्रस्त

Share this post:

धारूहेड़ा, 21 दिसंबर (हि.ला.। पूर्व सांसद चौधरी बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा का आज रेवाड़ी जिले में चौथा व अंतिम दिन रहा। दो दिन बावल विधानसभा और दो दिन रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनसमर्थन के साथ आज यात्रा धारूहेड़ा ब्लॉक के गांव खरकड़ा से शुरू होकर भगत सिंह चौक (धारूहेड़ा), मालपुरा, कपड़ीवास, गुर्जर घटाल, आकेडा होते हुए सोहना विधानसभा क्षेत्र की ओर रवाना हुई। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव तथा विपिन यादव भी मौजूद रहे।

सद्भाव यात्रा का जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यात्रा के माध्यम से समाज को जाति-धर्म के नाम पर बांटने की राजनीति के खिलाफ भाईचारे, सद्भाव, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश दिया गया।

पूर्व सांसद चौधरी बृजेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार कभी जाट-नॉन जाट, कभी अहीर-नॉन अहीर जैसे विभाजनकारी मुद्दे उछालकर जनता का ध्यान असली समस्याओं से भटकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण संकट गंभीर होता जा रहा है और धारूहेड़ा क्षेत्र देश के सबसे अधिक प्रदूषित औद्योगिक इलाकों में गिना जाने लगा है, लेकिन सरकार के पास प्रदूषण रोकने की कोई ठोस नीति नहीं है। उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम” का नारा लगाकर राष्ट्रभक्ति का ढोंग किया जा रहा है, जबकि असली राष्ट्रसेवा जनता को स्वच्छ हवा, रोजगार और सुरक्षित भविष्य देना है।

पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि भाजपा शासन में संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग आम बात हो गई है। जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे ईडी-सीबीआई से डराने की कोशिश की जाती है। नेशनल हेराल्ड जैसे मामलों में तथ्यहीन आरोप लगाकर वर्षों तक विपक्षी नेताओं को परेशान किया गया, जो लोकतंत्र पर सीधा हमला है।

उन्होंने स्थानीय विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि खरकड़ा क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना, आईटीआई बनवाई तथा बिजली सब-स्टेशन , धारूहेड़ा को उप तहसील, स्टेडियम जैसे महत्वपूर्ण कार्य कांग्रेस सरकार के समय कराए गए, जिससे क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर मिले। उन्होंने कहा कि मसानी बराज में गिरने वाले गंदे पानी का समाधान आज तक नहीं हो पाया है, क्षेत्र में भिवाड़ी से दूषित पानी आना सरकार की नाकामी को उजागर करती हैं। बेरोजगारी और महंगाई से आम आदमी त्रस्त है, लेकिन सरकार जमीनी मुद्दों पर ध्यान देने को तैयार नहीं है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से पूरी तरह परेशान हो चुकी है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ और चुनावों में वोट-चोरी जैसे मुद्दों ने लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि सद्भाव यात्रा यह साबित कर रही है कि जनता नफरत नहीं, बल्कि विकास, रोजगार और सामाजिक समरसता चाहती है।

रेवाड़ी जिले में सद्भाव यात्रा के सफल समापन पर कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा—संविधान की रक्षा, भाईचारा, पर्यावरण संरक्षण और जनहित—को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। यात्रा आगे सोहना विधानसभा की ओर बढ़ते हुए प्रदेशभर में यही संदेश देगी कि खोखले नारों से नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान से ही सच्ची राष्ट्रभक्ति साबित होती है। यात्रा का रविवार को कस्बा में पड़ाव रहा।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News