
धारूहेड़ा, 31 दिसंबर (हि.ला.)। नगर पालिका के चेयरमैन कंवर सिंह ने नववर्ष के आगमन पर समस्त धारूहेड़ा क्षेत्र और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। नए वर्ष की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में कंवर सिंह ने क्षेत्र की जनता के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति और चहुंमुखी प्रगति की कामना की है।
कंवर सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार की कार्यशैली सदैव 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मूल मंत्र पर आधारित रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नया वर्ष धारूहेड़ा की धरा पर विकास के नए सोपान तय करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प और मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में धारूहेड़ा के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही हमारी प्राथमिकता है।
क्षेत्रवासियों के लिए अपने संदेश में कंवर सिंह ने क्षेत्र के युवाओं और कर्मठ कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि "नया वर्ष केवल कैलेंडर बदलने का अवसर नहीं है, बल्कि नए लक्ष्यों को साधने और क्षेत्र की सेवा के लिए स्वयं को पुनः समर्पित करने का समय है।धारूहेड़ा की उन्नति में ही हमारी उन्नति निहित है। हम सब मिलकर एक ऐसे समृद्ध धारूहेड़ा का निर्माण करें जहाँ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर हर द्वार तक पहुंचें।
सरकार की नीतियों पर अटूट विश्वास को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों ने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास और कृषि सुधारों को नई गति दी है। उन्होंने आह्वान किया कि वे वर्ष 2026 में संगठन की मजबूती और जन-सेवा के कार्यों में अपनी भागीदारी को और अधिक सुदृढ़ करें ताकि राष्ट्रवाद की विचारधारा घर-घर तक पहुंचे।