प्रमोद सावंत और देवेंद्र फडणवीस ने गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक को श्रद्धांजलि दी

प्रमोद सावंत और देवेंद्र फडणवीस ने गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक को श्रद्धांजलि दी

Share this post:

 

पणजी, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ कला अकादमी में गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके साथ ही, उनके परिवार को सांत्वना दी गई। रवि नाइक बहुजन समाज के एक जाने-माने नेता थे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी रविवार को पणजी कला अकादमी में गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान रवि नाइक के साथ काम करने के अपने अनुभवों को याद किया।

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि एक कुशल प्रशासक और बहुजन समाज के नेता रवि नाइक ने राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वह 2022 में कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए और पोंडा विधानसभा क्षेत्र से दोबारा चुने गए।

उन्होंने आगे कहा, "रवि नाइक और मेरी मुलाकात 2021 के विधानसभा चुनाव के मौके पर हुई थी। हमने उन्हें भारतीय जनता पार्टी में शामिल करने की कोशिश की। वह विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए थे। और उन्होंने उसी समय हमारे नेतृत्व में विश्वास भी जताया था।"

बता दें कि पूर्व सीएम रवि नाईक का 15 अक्टूबर को निधन हुआ था। वे गोवा की राजनीति में एक प्रमुख नेता थे, जिनकी राजनीतिक यात्रा चार दशकों से अधिक समय तक फैली हुई थी।

उन्होंने 1980 के दशक में महाराष्ट्रावादी गोमांतक पार्टी से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की, बाद में कांग्रेस से जुड़ गए। नाइक ने गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में दो बार कार्य किया। वे पहली बार 1991 में और दूसरी बार 1994 में मुख्यमंत्री बने। उनका कुल कार्यकाल लगभग 850 दिनों का था।

गोवा के मुख्यमंत्री रहते हुए रवि नाइक ने कानून-व्यवस्था, शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने अपने मंत्रिमंडल में कृषि मंत्री के रूप में कार्य किया। रवि नाइक भंडारी समुदाय के नेता थे, इसलिए उन्होंने इस समुदाय को न्याय दिलाने के लिए काम किया। उनकी कार्यशैली के कारण सभी दलों के लोगों से उनके अच्छे संबंध थे।

वह 1998 से 1999 तक लोकसभा सांसद भी रहे। गोवा में कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में से एक, नाइक ने 2022 के गोवा विधानसभा चुनावों से ठीक पहले भाजपा का दामन थामा और प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली सरकार में कृषि मंत्री बनाए गए थे।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News