
धारूहेड़ा, 11 अक्टूबर (हि.ला.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को को पत्र लिखकर बताया है कि नेशनल हाईवे न 48 पर धारूहेंडा में फ्लाइ ओवर की नगरपालिका के चेयरमैन कंवर सिंह ने जो मांग की है उसके लिए नेशनल हाई वे के अधिकारियों को भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी व केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को नगरपालिका के चेयरमैन कंवर सिंह ने पत्र लिखकर धारूहेंडा में नेशनल हाईवे 48 पर स्कूल के सामने बड़ा फ्लाइ ओवर व पुलिस स्टेशन के पास लूप बनाने की मांग की है। चेयरमैन ने कहा है कि धारूहेड़ा में प्रवेश के आवागमन व प्रस्थान के लिए एक ही फ्लाइ ओवर है l सोहना, पलवल फरीदाबाद भिवाड़ी अलवर जाने के लिए सारा ट्रैफिक यहीं से निकलता है जिसके कारण हमेशा जाम लगा रहता है। इस जाम से निजात दिलाने के लिए बड़ा फ्लाइ ओवर तथा पुलिस स्टेशन के पास सड़क लूप जरूरी है। कंवर सिंह ने कहा कि स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों को भी इसी में से जाना पड़ता है। बरसात के दिनों में तो फ्लाइ ओवर व सर्विस रोड पर पानी भरा होता है। इसके कारण स्कूल के छात्र भी परेशानी झेलते हैं। जाम से आमजन परेशान है। पुलिस की टीम भी जाम की समस्या से परेशान है। नेशनल हाईवे 48 व 919 पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य नितांत आवश्यक है। वाहनों के आवागमन से जगह-जगह गड्ढे बन गए। जिसमें जाम के दौरान सर्विस सड़क से निकलने वाले वाहन फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। जिसके कारण लगातार जाम बढ़ जाता है।
हाईवे के आसपास लगते हुए गांव के लोग भी परेशान हैं। जब हाईवे पर वाहनों का 7 से 8 किलोमीटर लंबा जाम लगता है, प्रदूषण फैलता है। आसपास के उद्यमी ओर व्यापारी अपने वाहनों को गांव के रास्ते निकालकर घर पहुंचते हैं। नेशनल हाईवे पर जाम में वाहन स्टार्ट खड़े रहते हैं। वाहनों के धुंए के कारण आसपास का वातावरण खराब होने के साथ वायुमंडल दूषित हो जाता है। हाईवे के आसपास बसे हुए ग्रामीण, होटल और ढाबा संचालकों को दूषित सांस लेनी पड़ रही है।
चेयरमैन ने बताया है कि नेशनल हाई वे 48 व 919 पुलिस स्टेशन के पास लूप बन जाए तो ट्राफिक आधा हो जाएगा और जाम से निजात मिलेगी l कँवर सिंह ने कहा कि इसके लिए पहले भी मांग पत्र दे चुका हूं लेकिन अब हाई वे 48 को रि मॉडलिंग कर रहे हैं तो धारूहेंडा के आसपास के लोगों को भी बड़ा फ्लाइ ओवर बना कर राहत दे। सरकार अब इस मामले को लेकर गंभीर है और अब काम भी होगा।