ग्रेटर नोएडा : एनकाउंटर में 2 गिरफ्तार, गोवध से संबंधित उपकरण बरामद

ग्रेटर नोएडा : एनकाउंटर में 2 गिरफ्तार, गोवध से संबंधित उपकरण बरामद

Share this post:

 

ग्रेटर नोएडा, 23 फरवरी (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके साथी को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चोरी की मोटरसाइकिल और गोवध से संबंधित उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दिनांक 22 फरवरी 2026 को थाना रबूपुरा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि करौली अंडरपास के पास संदिग्ध गतिविधि देखी गई है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के रुकने के इशारे पर दोनों बदमाशों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया।

जवाबी कार्रवाई के तहत की गई फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल की पहचान सलमान पुत्र बुखारी निवासी मोहल्ला आरापुरी, थाना कैराना, जिला शामली के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी असलम पुत्र अकबर निवासी ग्राम रोहिन्दा, थाना अरनिया, जिला बुलंदशहर को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध तमंचे .315 बोर, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा गोवध के लिए उपयोग में लाए जाने वाले उपकरण- 2 रस्सियां, 2 चाकू, 1 सिरिंज, 1 इंजेक्शन की शीशी और 2 खाली प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और थाना रबूपुरा में पंजीकृत मुकदमा और गोवध निवारण अधिनियम में वांछित चल रहे थे। दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News