अंगद बेदी असली जिंदगी के 'प्रोफेसर सहस्त्रबुद्धे', इस खासियत के कारण दूसरों से बेहद अलग

अंगद बेदी असली जिंदगी के 'प्रोफेसर सहस्त्रबुद्धे', इस खासियत के कारण दूसरों से बेहद अलग

Share this post:

 

मुंबई, 5 फरवरी (आईएएनएस)। आपने 'थ्री इडियट्स' फिल्म के प्रोफेसर सहस्त्रबुद्धे यानी बोमन ईरानी का किरदार जरूर देखा होगा। उस किरदार में बोमन ईरानी दोनों हाथों से एक साथ लिखने की कला में माहिर थे, लेकिन असल जिंदगी में भी उनकी तरह एक शख्स है, जो कैमरे की दुनिया से जुड़ा है और जिसकी यह खासियत उसे दूसरों से अलग बनाती है।

हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड अभिनेता अंगद बेदी की, जो एम्बिडेक्स्ट्रस हैं, यानी वे लेफ्ट और राइट दोनों हाथों से एक साथ काम कर सकते हैं। दुनिया की कुल आबादी में ऐसे लोग महज एक प्रतिशत ही होते हैं। यह काबिलियत अंगद को भी खास बनाती है।

अंगद बेदी का जन्म 6 फरवरी 1983 को दिल्ली में हुआ था। वे भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज स्पिनर बिशन सिंह बेदी के बेटे हैं। बचपन से ही अंगद का माहौल क्रिकेट से जुड़ा रहा। यही वजह रही कि अंगद ने शुरुआत क्रिकेट से की और दिल्ली की अंडर-19 टीम तक पहुंचे। हालांकि पिता का नाम बड़ा होने के कारण उन पर प्रदर्शन का दबाव भी काफी था। लोग उन्हें उनके खेल से पहले उनके पिता के नाम से आंकते थे। लेकिन इस बीच समय के साथ उन्हें महसूस हुआ कि उनका मन अभिनय और कैमरे की दुनिया की ओर ज्यादा है।

क्रिकेट को अलविदा कहकर उन्होंने मॉडलिंग की राह चुनी और फिर बॉलीवुड में कदम रखा। साल 2004 में उन्होंने फिल्म 'काया तरण' से डेब्यू किया। यह फिल्म 1984 के दंगों की पृष्ठभूमि पर बनी थी। इस फिल्म में उनके अभिनय को सराहा गया। इसके बाद, उन्होंने टीवी में भी काम किया और होस्टिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनाई। 'कुक ना कहो', 'एक्स्ट्रा इनिंग्स टी20' और 'इमोशनल अत्याचार' जैसे शोज में वह नजर आए।

साल 2011 में 'फालतू' से उन्होंने दोबारा फिल्मों में वापसी की। इसके बाद 'उंगली', 'डियर जिंदगी', 'टाइगर जिंदा है' जैसी फिल्मों में उन्होंने अहम किरदार निभाए। साल 2016 में आई फिल्म 'पिंक' उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। इस फिल्म में उनके नेगेटिव रोल ने दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान खींचा।

अंगद बेदी एम्बिडेक्स्ट्रस हैं। उनकी यह क्षमता उनके अभिनय और खेल दोनों में मददगार रही है। दोनों हाथों से एक साथ काम करने की कला उन्हें तेजी से सीखने वाला कलाकार बनाती है। एक्शन सीन हों या बॉडी लैंग्वेज, वे जल्दी ढल जाते हैं। एम्बिडेक्स्ट्रस होना भले ही एक जैविक गुण हो, लेकिन उन्होंने इसे अपनी ताकत बनाया।

निजी जीवन की बात करें तो अंगद ने साल 2018 में अभिनेत्री नेहा धूपिया से बेहद निजी समारोह में शादी की। दोनों एक बेटी और एक बेटे के माता-पिता हैं। अंगद अपने जीवन में संघर्षों को लेकर हमेशा यही कहते हैं कि वे खुद को बेचारा साबित नहीं करना चाहते, बल्कि अपने काम से पहचाने जाना चाहते हैं।

 

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News