भारी बारिश और बाढ़ के कारण जम्मू मंडल में फंसे हुए यात्रियों के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाईं गई

भारी बारिश और बाढ़ के कारण जम्मू मंडल में फंसे हुए यात्रियों के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाईं गई

Share this post:

जम्मू, 28 अगस्त (हि.ला.)। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में बाढ़ की वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेल सेवा को बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। इस परिस्थिति में जम्मू मंडल ने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और जिला प्रशासन के साथ मिलकर गुरुवार को फंसे हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचने में सहायता के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाईं।

पहली विशेष ट्रेन, संख्या 02238, लगभग 1,400 से 1,500 यात्रियों को लेकर, दोपहर 15:45 बजे जम्मू से बनारस के लिए रवाना हुई। इसके बाद नई दिल्ली के लिए एक दूसरी विशेष गाड़ी संख्या. 04680 की व्यवस्था की गई, जो शाम 17.40 बजे रवाना हुई, जिसमें लगभग 1,500 से ज्यादा यात्री सवार हुए। यात्रियों ने ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में की गई त्वरित और कुशल व्यवस्थाओं के लिए भारतीय रेलवे की गहरी सराहना और संतुष्टि व्यक्त की। भारी बारिश के कारण ट्रेन सेवाओं में भारी व्यवधान आया, जिससे जम्मू क्षेत्र में सैकड़ों यात्री फंस गए।

मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के समग्र पर्यवेक्षण और मार्गदर्शन में, सहायक वाणिज्य प्रबंधक जसवंत सिंह और मनोज मीना के नेतृत्व में समर्पित टीमों ने अथक परिश्रम किया। उन्होंने विशेष ट्रेनों के समय पर और सुचारू प्रस्थान सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के साथ मिलकर समन्वय किया।

जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मियों ने भी यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से ट्रेन में चढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया, कि रेल प्रशासन द्वारा बाढ़ से फंसे यात्रियों के लिए गाड़ियों के संचालन के साथ-साथ जम्मू , श्री माता वैष्णो देवी कटरा , पठानकोट कैंट , पठानकोट सिटी जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर उनके खाने पीने की व्यवस्था करवाई गई तथा स्थानीय लोगों की सहायता से कई जगह लंगर लगवाए गए तथा रहने की समुचित व्यवस्था करवाई गई। रेल प्रशासन द्वारा करवाई गई व्यवस्था के लिए फंसे हुए, यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिससे उन्हें कठिन मौसम के बीच राहत और आश्वासन मिला।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News