पूर्व विधायक राजेश गहलोत का निधन

पूर्व विधायक राजेश गहलोत का निधन

Share this post:

नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.ला.)। दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मटियाला से पूर्व विधायक राजेश गहलोत का आज आकसमिक निधन हो गया। बताया गया है कि हृदयाघात से उनका निधन हुआ। उनके असामयिक निधन ने समर्थकों और दिल्ली भारतीय जनता पार्टी परिवार को स्तब्ध कर दिया। उनके आकसमिक निधन का समाचार मिलते ही हजारों पश्चिम दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ता अस्पताल एवं उनके निवास पर एकत्र हुए।

भाजपा के दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने बताया कि राजेश गहलोत की अंत्येष्टि शुक्रवार को नवादा श्मशान घाट पर होगी।

वीरेन्द्र सचदेवा, पश्चिम दिल्ली सांसद कमलजीत सहरावत, दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह एवं पंकज सिंह, विधायक संदीप सहरावत आदि ने राजेश गहलोत के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना प्रकट की।

वीरेन्द्र सचदेवा ने अपने संवेदना संदेश में कहा कि राजेश गहलोत का जीवन जन सेवा एवं संगठन विस्तार को समर्पित जीवन रहा। उन्होंने पश्चिम दिल्ली खासकर देहात में भाजपा एवं राष्ट्रवाद के विचारों के प्रचार प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पश्चिम दिल्ली में एक विशाल रामलीला प्रारम्भ कर सांस्कृतिक विचारों को भी फैलाया।

गहलोत का जन्म 22 सितम्बर 1964 को हुआ था। वह 2013 में मटियाला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर विधायक चुने गए थे। उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी गुलाब सिंह यादव को 4000 वोटों से हराया था। उसके बाद 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में राजेश गहलोत को आम आदमी पार्टी के पक्ष में चली लहर में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें आम आदमी पार्टी के ही प्रत्याशी रहे गुलाब सिंह यादव ने ही दोनों बार शिकस्त दी थी।

राजेश गहलोत दिल्ली नगर निगम के उपमहापौर और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति के अध्यक्ष भी लंबे समय तक रहे।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News