दिल्लीः बाढ़ पीड़ितों से मिलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राहत कार्यों का जायजा लिया

दिल्लीः बाढ़ पीड़ितों से मिलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राहत कार्यों का जायजा लिया

Share this post:
  • फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं, सरकार पूरी निगरानी रख रही है: सीएम रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 2 सितंबर (हि.ला.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के समीप स्थापित बाढ़ राहत शिविर के अलावा पुराने लोहे के पुल का दौरा कर यमुना के जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने शिविरों में रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाक़ात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहायता एवं राहत पहुंचाने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री का कहना है कि बाढ़ पर पूरी निगरानी रखी जा रही है और संबंधित विभाग बाढ़ के प्रकोप को कम करने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री का कहना है कि फिलहाल दिल्ली वालों को घबराने की जरूरत नहीं है।

मुख्यमंत्री ने देर तक बाढ़ प्रभावित इन इलाकों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों में लगे अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित नागरिकों को आवश्यक वस्तुएं जैसे स्वच्छ पेयजल, भोजन, चिकित्सीय सुविधा और सुरक्षित आवास का ध्यान रखा जाए और निरंतर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया अधिकतम पानी शाम तक दिल्ली पहुंच जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि इस बार विभागों ने पहले से ही व्यापक तैयारी कर रखी है। पिछले छह महीनों में जिस तरह से यमुना और नालों की डी-सिल्टिंग का काम किया गया है, उसका बड़ा लाभ मिला है। यमुना पर बने सभी बांधों के गेट खुले हुए हैं और कहीं भी पानी रुक नहीं रहा है। पानी का जितना तेज़ी से बहाव आ रहा है, उतना ही तेज़ी से आगे भी बढ़ रहा है। यमुना का पानी फिलहाल निर्बाध बह रहा है। शहर की तरफ से आने वाले अधिकतर नालों के बैरीकेड्स बंद कर दिए गए हैं, ताकि पानी का प्रवाह सही दिशा में बना रहे। उन्होंने कहा कि पानी के स्तर को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि अभी तक के आंकड़ों के अनुसार यह स्तर पिछले रिकॉर्ड को पार करने की स्थिति में नहीं है।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि यमुना फ्लड प्लेन में पानी पहुंचना स्वाभाविक है, क्योंकि वह नदी का प्राकृतिक इलाका है लेकिन बाहरी इलाकों में पानी के फैलने की संभावना नहीं है। सरकार दिल्ली के नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तत्पर है और सभी अधिकारी लगातार हर घंटे की रिपोर्ट ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जब तक पानी रहेगा, तब तक अधिकारियों द्वारा दिन-रात निगरानी और राहत कार्य जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन के साथ सहयोग करें और सरकार द्वारा जारी किए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

बाढ़ को लेकर दिल्ली की सीएम ने की पांच राज्यों के सीएम से वार्ताः

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से टेलीफोन पर वार्ता की। इस दौरान उन्होंने इन राज्यों में आई गंभीर बाढ़ की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ ने व्यापक स्तर पर जन-जीवन और संपत्ति को प्रभावित किया है। अनेक परिवार बेघर हो गए हैं, सड़क व संचार सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं और लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में दिल्ली सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार हरसंभव सहायता देने के लिए तत्पर है।

स्पेशल रिपोर्ट

Stay Connected

Popular News