धारूहेड़ा, 13 अगस्त (हि.ला.)। हरियाणा के पूर्व मंत्री डॉक्टर बनवारी लाल के नेतृत्व में बुधवार को डॉक्टर भीम राव अम्बेडकर पार्क से तिरंगा यात्रा निकाली गई। पूर्व मंत्री डॉक्टर बनवारी लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसका उद्देश्य युवाओं, के माध्यम से देश में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक गौरव और देशभक्ति का संदेश फैलाना है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हर युवा का कर्तव्य है कि वह देश की एकता और अखंडता के लिए योगदान दे। यह यात्रा उनकी देशभक्ति और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान मिलने वाले हर नागरिक को तिरंगे का महत्व समझाएं। यात्रा में देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। हाथों में लहराते तिरंगे और चेहरों पर गर्व की चमक ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। तिरंगा यात्रा में धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले, विशेषकर युवाओं में विशेष उमंग, उत्साह व जोश दिखाई पड़ रहा था।
यह शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा डॉक्टर अम्बेडकर पार्क से चलकर शहीदी चौक पर शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए सम्पन्न हुई। शहर में विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया। डॉक्टर बनवारी लाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता और शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा देश के हर नागरिक को राष्ट्रभक्ति की भावना के लिए प्रेरित करती है। भारत माता के वीर सपूतों की याद में जिन्होंने देश की आजादी व रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, उनके सम्मान में हर वर्ष तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत देश सदा वीरों की भूमि रहा है और जब-जब भी हमारे देश पर कोई संकट आया तो देश के वीरों ने अपने प्राणों की बाजी लगाकर देश की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि इस शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों में देशभक्ति की भावना का निर्माण करना है ताकि महान शहीदों की शहादत को कभी भुलाया न जा सके।
डॉक्टर बनवारी लाल ने कहा कि असंख्य वीर शहीदों की बदौलत आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं और हम सभी का दायित्व ही नहीं बल्कि कर्तव्य भी बनता है कि हम उन महान वीरों की शहादत को नमन कर उन्हें सम्मान दें। उन्होंने कहा कि इस शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा से देश में शहीदों एवं तिरंगे के प्रति लोगों में सम्मान की प्रेरणा जगेगी। तिरंगा हमारे देश की एकता का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा से लोगों में आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बढ़ता है । उन्होंने कहा कि देश को आजाद करवाने में और देश की सीमाओं की रक्षा करने में जिन वीर शहीदों ने अपनी शहादत दी है उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। सभी शहीद हमेशा हमारे लिए स्मरणीय और प्रेरणादायक रहेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के शहीदों की याद में शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा आयोजित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दे रही है।
इस अवसर पर नपा चेयरमैन कवर सिंह ने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा का आयोजन हर वर्ष देश व प्रदेश के कोने-कोने में किया जाता है, ताकि हम अपने शहीदों को याद कर सके और इस तिरंगा यात्रा के आयोजन से हमारी युवा पीढ़ी को शहीदों की शहादत के बारे पता चल सकें। शहीदों की बदौलत हम आज अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। भाजपा की ओर से अमर शहीदों एवं देश की आजादी में अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले शहीदों की याद में शहीद सम्मान तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने शामिल होकर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की याद एवं शहीदों को सम्मान देने हमारे शहीदों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। यह हमारा कर्तव्य है कि हम उनके बलिदान को याद रखें और नई पीढ़ी को उनके त्याग से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।